मंझनपुर/सिराथू। सोमवार को प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दिवंगत पिता श्यामलाल मौर्य के तेरहवीं भोज में चार राज्यपाल, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश सरकार के 20 मंत्री शामिल होंगे। वीवीआईपी के आगमन का प्रोटोकाल रविवार की शाम यहां पहुंच गया। वीवीआईपी के आगमन को लेकर प्रशासन दिनभर तैयारियों में जुटा रहा।
सोमवार 11 बजे सबसे पहले कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही कार से सिराथू पहुंचेंगे। इसी वक्त राज्यमंत्री आवास एवं शहरी नियोजन सुरेश पासी का भी आगमन होगा। इसके बाद वीआईपी और वीवीआईपी लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। रविवार की शाम चार बजे तक आए प्रोटोकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, उत्तराखंड की राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य व बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन का भी प्रोग्राम आ चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12.25 बजे सिराथू स्थित जीजीआईसी के हेलीपैड पर लैंड करेंगे। इसके बाद वह कार से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास जाकर तेरहवीं भोज में शामिल होंगे। इसी तरह राज्यपाल राम नाईक का हेलीकाप्टर भी 10. 45 बजे सिराथू पहुंचेगा। इसी वक्त पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी भी सिराथू आएंगे। केंद्र सरकार के गृहमंत्री राजनाथ सिंह का उड़न खटोला भी 12. 20 बजे सिराथू के हेलीपैड पर लैंड करेगा। बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन भी 12. 30 बजे कार से आएंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दिवंगत पिता स्व. श्यामलाल मौर्य के तेरहवीं संस्कार में सोमवार को 50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। खाना बनाने के लिए चार सौ वर्कर और परोसने के लिए तीन सौ वेंडर की व्यवस्था की गई है। 100 महिलाएं पूड़ी-कचौड़ी बेलने के लिए बुलाई गई हैं। सबसे खास बात यह है कि तेरहवीं भोज में बनने वाली मटर-पनीर, दमालू, कद्दू, पापड़, रसगुल्ला और पूड़ी-कचौड़ी देशी घी में बनाए जाएंगे।
जीजीआईसी सिराथू में तीन अस्थाई हैलीपैड बनाए गए हैं। एक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दूसरे में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और तीसरे पर राज्यपाल राम नाईक का हेलीकाप्टर उतरेगा। हेलीपैड पर ही तीन अस्थाई कॉटेज बनाए गए हैं, जिसमें एसी बेडरूम के अलावा शौचालय व बैठने की पूरी व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी अगर यहां कुछ देर के लिए आराम करना चाहें तो उसकी भी व्यवस्था की गई है। कौशाम्बी जिले के सिराथू आने वाले सभी मार्ग पर संकेतक लगवाए गए हैं। लखनऊ की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए लेहदरी से लेकर सिराथू तक, राजापुर (चित्रकूट) से आने वाले वाहनों को भी संकेतक के जरिए सिराथू तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था की गई है। जिले के किसी भी मार्ग से सिराथू तक जाने के लिए 80 स्थानों पर संकेतक बोर्ड की व्यवस्था की गई है।