ससुराल आने के लिए मांग रही 30 हजार
परिवार परामर्श केंद्र में पहुंचा मामला, मायके में रह रही है बहू
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी इलाके की एक महिला का बहू ने जीना दूभर कर दिया है। सप्ताह भर से मायके में रह रही बहू ससुराल आने के लिए 30 हजार रुपये की मांग कर रही है। पैसा नहीं देने पर पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित महिला ने बुधवार को एसपी से शिकायत की है।
महिला का कहना है कि उसके बेटे की शादी कोतवाली इलाके के ही एक गांव में रहने वाली एक युवती से दो साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू पूरे परिवार को परेशान करने लगी। मामला बढ़ने पर शिकायत एसपी से की गई थी। मामला परिवार परामर्श केंद्र में चला। यहां पति-पत्नी के बीच सुलह कराई गई। विवाहिता को उसकी ससुराल भेजा गया। आरोप है कि सप्ताह भर पहले महिला फिर मायके चली गई। बहू अब ससुराल आने के लिए राजी नहीं है। ससुराल आने से पहले वह 30 हजार रुपये की मांग कर रही है। पैसा नहीं देने पर परिवार के लोगों को दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी दे रही है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने करारी कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
-------
घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास
मंझनपुर (ब्यूरो)। महेवाघाट इलाके के एक गांव में मंगलवार की रात घर में सो रही एक महिला के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी युवक बाहर खड़े अपने साथी के साथ धमकी देते हुए भाग निकला। शिकायत बुधवार को एसपी से की गई है।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि उसका पति किसानी करता है। मंगलवार की रात वह खेत की तरफ गया था। घर में वह अपनी बेटी के साथ अकेली थी। रात करीब नौ बजे मां-बेटी को नींद लग गई। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो लोग उसके घर पहुंचे। एक अंदर आ गया जबकि दूसरा बाहर फरसा लेकर निगरानी कर रहा था। महिला के मुताबिक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला व उसकी बेटी ने शोर मचाया तो आरोपी अपने साथी के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। तहरीर महेवाघाट कोतवाली में दी गई। एसपी ने आरोप की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।