जिला पंचायत राज अधिकारी ने बुधवार को तीन ग्राम सभाओं का औचक निरीक्षण किया। इन गांवों में उन्होंने शौचालय निर्माण व स्कूल शौचालयों का हाल जाना। स्कूल शौचालयों में खामियां नजर आने पर उन्होंने मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
डीपीआरओ गोपाल जी ओझा बुधवार को शौचालयों की हकीकत जाने के लिए औचक निरीक्षण पर निकले। सबसे पहले वह नेवादा ब्लॉक के रामपुर गांव पहुंचे। यहां पर उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के शौचालय में गंदगी देख एडीओ पंचायत नेवादा चंद्रभान पर नाराजगी जाहिर करते हुए मरम्मत व सफाई का निर्देश दिया। यहां के बाद वह रोही गांव पहुंचे। गांव के नोखे लाल के दरवाजे रास्ते में पानी बहता देख उन्होंने नाली निर्माण कराने का निर्देश दिया। यहां भी प्राथमिक विद्यालय में बने शौचालय की हालत ठीक नहीं होने पर मरम्मत की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत को सौंपी। निरीक्षण के दौरान मिले ग्रामीणों को उन्होंने शौचालय प्रयोग और इससे होने वाले फायदे बताए और कहा कि जिन लोगों को शौचालय का लाभ नहीं मिल सका उन्हें जल्द ही सर्वे कराकर शौचालय मुहैया कराया जाएगा। इसके बाद वह कौशांबी ब्लॉक के म्योहर गांव पहुंचे। यहां पर प्राथमिक विद्यालय के पास जलजमाव देख उन्होंने एडीओ पंचायत प्रेम कुमार पांडेय व सेक्रेटरी राजेंद्र प्रसाद पर नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने जलजमाव वाले स्थल पर सोख्ता गड्ढा बनवाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने सेक्रेटरी से शौचालय निर्माण को लेकर पूछताछ की। बचे हुए शौचालयों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान म्योहर प्रधान दिनेश गौतम समेत संबंधित गांवों के ग्राम प्रधान, एडीओ पंचायत व सेक्रेटरी मौजूद रहे।