मंझनपुर। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार से प्रारंभ होगा। दुर्गा देवी इंटर कॉलेज स्थित मूल्यांकन केंद्र में इस बार सीसीटीवी कैमरे की नजर होगी। पारदर्शी मूल्यांकन के लिए शुक्रवार को विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तैयारी को अंतिम रूप देने में लगे रहे।
नकलविहीन बोर्ड परीक्षा कराने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। डीआईओएस एसके सिंह ने बताया कि जिले के ओसा स्थित श्री दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा। बोर्ड की ओर से कॉलेज प्रिंसिपल चुन्नीलाल को उपनियंत्रक बनाया गया है। उपनियंत्रक ने बताया कि शनिवार से प्रारंभ हो रहे मूल्यांकन का काम 31 मार्च तक चलेगा। इस दौरान हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के पांच लाख से अधिक कॉपियों के मूल्यांकन का लक्ष्य है। इसके लिए 1018 परीक्षक और 102 उप प्रधान परीक्षक की तैनाती की गई है। सभी परीक्षक प्रतिदिन हाईस्कूल की करीब 50 तथा इंटर की 40 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।