17 new people tested covid positive including 5 member of school teacher's family
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। दो दिन की सुस्ती के बाद बुधवार को कोरोना वायरस ने दोआबा में फिर रफ्तार बढ़ा दिया। इस दिन 17 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। संक्रमितों में एक स्कूल के कर्मचारी व उसका पांच सदस्यीय परिवार शामिल है। सभी संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तमाम कवायद के बावजूद दोआबा के लोग कोविड को लेकर एहितियात नहीं बरत रहे हैं। इसी के चलते जिले में संक्रमण ने रफ्तार बढ़ा दी। सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि समूहों के तहत कराई जा रही जांच में बुधवार को जिले भर के अस्पतालों के साथ ही स्कूल-कॉलेजों में शिविर लगाकर 1405 शिक्षकों,कर्मचारियों की कोविड जांच कराई गई। विभिन्न माध्यमों से आई रिपोर्ट में जिले के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले 17 लोग पॉजिटिव निकले।
संक्रमितों में श्री दुर्गा देवी इंटर कॉलेज ओसा के एक कर्मचारी व उसका पांच सदस्यीय परिवार शामिल है। इसके चलते दो दिन के लिए कॉलेज बंद कर दिया गया है। इनके अलावा नेवादा क्षेत्र के आठ, सिराथू के दो तथा कनैली के एक व्यक्ति में संक्रमण की तस्दीक हुई। इसी के साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 2157 हो गई। हालांकि इनमें से 2032 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। फिलहाल 99 मरीजों का इलाज चल रहा है।