17 met corona positive in district
- फोटो : KAUSHAMBI
दोआबा में कोरोना का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को भी जिले के अलग-अलग हिस्सों में 17 लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों में स्वास्थ्य विभाग के तीन अधिकारी-कर्मचारी व एक बैंक कर्मी भी शामिल है। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने संक्रमितों के कार्य क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया है। जिला सर्विलांश अधिकारी डॉ हिंद प्रकाश मणि ने बताया कि संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। शुक्रवार को जिले के अलग-अलग हिस्सों में शिविर लगाकर 1255 संदिग्धों की जांच कराई गई। इनमें से 373 लोगों का स्वॉब सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोशाला भेज दिया गया है। वहीं, 882 संदिग्धों की एंठीजेन किट से हुई जांच में 17 लोग पॉजिटिव निकले हैं।
इनमें सीएमओ दफ्तर में कार्यरत परिवार नियोजन कार्यक्रम के जिला समन्वयक, आरबीएसके के डाटा कम लेखा सहायक, व पीएचसी मूरतगंज के एक स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। इनके अलावा मंझनपुर कस्बा स्थित एक बैंक के कर्मचारी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मूरतगंज क्षेत्र के दो, कनैली क्षेत्र के तीन, सिराथू के पांच, चायल क्षेत्र के तीन व अजुहा क्षेत्र का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। सभी को अलग-अलग कोविड अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। सीएमओ दफ्तर के ऊपरी हिस्से को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर आवाजाही रोक दी गई है। पीएचसी मूरतगंज व मंझनपुर स्थित बैंक को सैनिटाइज कराया जाएगा। जिला सर्विलाश अधिकारी के मुताबिक जिले में अब तक मिले 714 संक्रमितों में 505 स्वस्थ हो चुके हैं। आठ मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 201 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।