महेवाघाट में पनचक्की से निकाली जा रही बालू
डीएम के निर्देश पर खान निरीक्षक ने मारा छापा, जारी होगी नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। प्रशासनिक सख्ती के बावजूद महेवाघाट के दो खंडों पर पनचक्की की मदद से बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। खान निरीक्षक की छापेमारी में घाट पर खनन में इस्तेमाल की जा रही प्रतिबंधित मशीनें पकड़ी गई। प्रशासन अब आरोपी पट्टाधारक को नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है।
बालू माफिया अवैध खनन से बाज नहीं लगा रहे हैं। अफसरों की चुनावी व्यस्तता का फायदा उठाते हुए माफिया घाटों पर पनचक्की व पोकलैंड की मदद से बालू निकासी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम मनीष कुमार वर्मा से महेवाघाट के खंड संख्या 15/45 व 46 पर अवैध खनन की शिकायत की। इस पर डीएम ने खान निरीक्षक राजरंजन को घाट का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। बुधवार को पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी करने पहुंचे खान निरीक्षक को मौके पर प्रतिबंधित मशीनें मिली। खान निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपते हुए पट्टाधारक के खिलाफ नोटिस जारी करने की बात कही है।
------