अव्यवस्था का शिकार चरवा व केसी का पूरा के विद्यालय
-चरवा में लगा गंदगी का अबंार, सात में छह शौचालय बंद
-केसी का पुरवा विद्यालय से गायब रहे प्रधानाध्याक व सहायक
अमर उजाला ब्यूरो
चरवा। बीआरसी चायल के चरवा व मजरा केसी का पुरवा के प्राथमिक विद्यालयों का हाल बेहाल है। कहीं पर गंदगी का अंबार है तो कहीं शिक्षक ही विद्यालय नहीं पहुंच रहे। बच्चों को शिक्षामित्र के सहारे छोड़कर गायब रहते हैं। मामला एबीएसए के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने कार्रवाई की बात कही है।
चरवा ग्रामसभा में दो प्राथमिक विद्यालय हैं। प्राथमिक विद्यालय प्रथम की सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। छात्र-छात्राओं के लिए सात शौचालयों में से एक खोला गया है। छह शौचालयों के कमरे में ताला लटक रहा है। इससे बच्चों को गंदगी के बीच शौच जाना पड़ता है। यहां पर प्रधानाध्यापक शनिवार को गायब रहे। सहायक अध्यापक सरिता सेठ से पूंछा गया तो उनका कहना था कि सफाई कर्मी कभी विद्यालय साफ करने नहीं आता। प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के हालात तो और बदतर हैं। यहां पर गंदगी के साथ-साथ बच्चों के लिए पीने के पानी तक का इंतजाम नहीं है। विद्यालय परिसर में लगा हैंडपंप अर्से से ध्वस्त पड़ा है। गांव के जरा केसी का पुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में कुल 71 बच्चे पंजीकृत हैं। शनिवार को यहां पर मात्र चार बच्चों की उपस्थिति रही। प्रधानाध्यापक प्रीती सिंह व सहायक अध्यापक अमूल यादव गायब रहे। बच्चों ने बताया कि सहायक अध्यापक सप्ताह भर से विद्यालय नहीं आ रहे हैं। विद्यालय में मौजूद शिक्षामित्र से दोनो शिक्षकों के बारे में पूंछा गया तो उसने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बुनियादी शिक्षा को लेकर जिम्मेदार कितना अधिक संजीदा हैं।
------
इनका कहना है
गांव में दो सफाई कर्मियों की तैनाती है। बड़ी ग्रामसभा होने के कारण वह कहां-कहां सफाई करने जाएं। विद्यालय में खराब हैंडपंप का रिबोर कराया गया पर सफल नहीं हो सका।
दीपक पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनधि
--------
शौचालय में गंदगी की जानकारी होने पर एडीओ पंचायत को सफाई कराने के लिए निर्देशित किया गया था। शिक्षकों के गायब रहने की जानकारी नहीं है। रजिस्टर मंगवाकर दोनो का अनुपस्थिति वाले दिन का वेतन काटा जाएगा।
सुनील प्रजापति, एबीएसए चायल
--------
फोटो नं-16