पश्चिमशरीरा। क्षेत्र के अंधावां गांव के समीप गुरुवार रात एक बेकाबू बाइक सवार पुलिया से टकराने के बाद नहर में कूद गया। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद उसका शव पानी से बाहर निकाला जा सका। हादसे में एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
रामआधीन का पूरा गांव निवासी गपुल (16) पुत्र स्व. मोतीलाल गुरुवार रात पड़ोसी बुधराम के साथ किसी काम से पश्चिमशरीरा बाजार गया था। लौटते वक्त अंधावां गांव के समीप अचानक वह नियंत्रण खो बैठा और पुलिया से टकराते हुए बाइक समेत नहर में कूद गया। जबकि साथ रहा बुधराम छिटककर सड़क पर गिर गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित परिजन मौके पर पहुंचे। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद गपुल का शव नहर से बाहर निकाला। परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल गए। जहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया। घायल बुधराम को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। गपुल की मौत के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
-----
रेप-छेड़खानी के दो मामलों में एफआईआर का आदेश
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली इलाके के एक व्यक्ति ने बताया कि 13 जून को उसकी बेटी घर पर अकेली थी। परिवार के सदस्य कहीं बाहर गए थे। इस दौरान पड़ोसी युवक दीवार फांदकर भीतर घुस गया। कनपटी पर तमंचा सटाकर उसने बेटी के साथ दुराचार किया। विरोध करने पर पिटाई की। इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। इसी तरह पिपरी इलाके की एक किशोरी ने बताया कि 29 मई को वह खेतों की ओर जा रही थी। रास्ते में पड़ोसी युवक ने हाथ पकड़ लिया और छेड़खानी की। उलाहना देने जाने पर परिजनों संग मिलकर पीड़िता के माता-पिता को पीट भी दिया। दोनों मामलों की शिकायत शुक्रवार को एसपी से हुई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने संबंधित कोतवालों को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।