मंझनपुर। पइंसा कोतवाली क्षेत्र के बिबिनियापुर गांव में सोमवार सुबह पड़ोस के दबंगों ने एक परिवार के चार सदस्यों की पिटाई कर दी। इससे घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिबिनियापुर निवासी लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि पड़ोस के दबंग ने दो दिन पहले उनके घर के सामने दरवाजा लगा दिया। पीड़ित के मुताबिक इन दिनों वह अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। सोमवार सुबह पड़ोसी शटरिंग उखाड़कर फेंकने लगा। विरोध करने पर परिजनों संग मिलकर लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे शिवाकांत, रमाकांत व प्रदीप पुत्र कमलाकांत को भी पीटा। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।