विदेश भेजने का झांसा देकर युवक से ठगे एक लाख रुपये
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव का युवक हुआ ठगी का शिकार, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कड़ा कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में रहने वाले एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर जालसाज ने करीब एक लाख रुपया ठग लिया। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गिरधरपुर निवासी शेर मोहम्मद ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात सैनी इलाके के शरीफाबाद में रहने वाले अभिषेक से हुई। पीड़ित की मानें तो अभिषेक ने उसे सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। इसके बाद एक लाख रुपया लेकर फर्जी पासपोर्ट थमा दिया। पखवाड़े भर पहले दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर पीड़ित को ठगे जाने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता का कहना है कि घर लौटने पर आरोपी पैसे वापस करने की बात करने लगा। दो-चार दिन वो आज-कल करके मामले को टरका रहा था। इसके बाद रुपया मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देने लगा। इससे परेशान पीड़ित ने दो दिन पहले मामले की शिकायत एसपी से कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर शनिवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
-----
केसीसी बनवाने के नाम पर सात हजार ऐंठे
सरायअकिल (ब्यूरो)। क्षेत्र के तिल्हापुर गांव की देवकन्या पत्नी नरेन्द्र ने बताया कि करीब साल भर पहले पड़ोसी युवक ने केसीसी बनवाने के नाम पर उससे सात हजार रुपया लिया था। किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनने पर महिला ने रुपया मांगना शुरू किया तो आरोपी उसे जान से मार डालने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने शनिवार को इसकी शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने सरायअकिल इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।