साइबर बदमाशों ने युवक के खाते से उड़ाए 4.25 लाख रुपये
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयद सरावां गांव का युवक हुआ शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
चरवा। क्षेत्र के सैयद सरावां गांव में रहने वाले एक किसान के खाते से एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर साइबर अपराधियों ने करीब 4.25 लाख रुपये पार कर दिए। इसकी जानकारी पीड़ित को बैंक शाखा पहुंचने पर हुई। शनिवार को पीड़ित ने एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
सैयद सरावां निवासी रामखेलावन पुत्र बद्री विशाल खेती करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि करीब हफ्ते भर पहले उसके मोबाइल पर अंजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए एटीएम कार्ड का नंबर पूछ लिया। इसके बाद खाते से लगभग सवा चार लाख पार कर दिया। दो दिन बाद एसबीआई की स्थानीय शाखा पहुंचने पर पीड़ित को ठगे जाने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने खाता लॉक कराया। पुलिस को तहरीर दी गई। कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने शनिवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने साइबर सेल प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
-----
दहेज की खातिर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
प्रयागराज में ब्याही थी दोआबा की बेटी, चार के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। प्रयागराज में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने घर से निकाल दिया। इससे पहले उसकी पिटाई भी की गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के दरवेशपुर गांव की सीबा बेगम ने बताया कि उसका विवाह करीब दो साल पहले राजरूपपुर (प्रयागराज) में हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो पखवाड़े भर पहले दहेजलोभियों ने उसे लाठी-डंडे से पीटा। इसके बाद घर से निकाल दिया। मायके वालों ने एक दफा फिर समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी सिराज, हजरा, मेराज व नसरीन बेगम आदि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।