मवेशी को बचाने में विक्रम पलटा, आठ घायल
सैनी चौराहे के समीप शुक्रवार सुबह हुआ हादसा, घायल सिराथू में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
कड़ा। सैनी चौराहे के समीप शुक्रवार सुबह मवेशी को बचाने के चक्कर में एक विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे करीब आठ लोग जख्मी हो गए। सभी को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सिराथू से एक विक्रम शुक्रवार सुबह सवारियां लेकर शक्तिपीठ कड़ा धाम जा रहा था। सैनी चौराहे के समीप अचानक एक मवेशी सामने आ गया। इसे बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा और विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उसपर सवार करारी निवासी प्रवेश, उसकी पत्नी मनोरमा, बेटी जयंती, अषाढ़ा निवासी बृजेश, पश्चिमशरीरा निवासी हरिश्चंद्र, दिलीप व महावां निवासी दिलीप कुमार तथा जगदेव आदि घायल हो गए। लोगों ने आननफानन घायलों को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं हादसे के बाद विक्रम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
-----
आग से 10 कुंतल रुई जलकर राख
पइंसा। क्षेत्र के चकआइमापुर (अनेठा) निवासी सुनील कुमार ने उदिहिन चौराहे पर रुई की दुकान खोल रखी है। इन दिनों दुकान बंद कर रखी है। दुकान की छत पर उसने सुखाने के लिए करीब 10 कुंतल रुई रखी थी। गुरुवार रात संदिग्ध दशा में आग लग गई। जिससे पूरी रुई जलकर राख हो गई। दुकानदार का कहना है कि किसी ने रंजिशन आग लगाई है। हालांकि उसने किसी के खिलाफ तहरीर पुलिस को नहीं दी है।