मूरतगंज। इलाहाबाद से सिहोरी टोल प्लाजा तक निर्माणाधीन फोरलेन से मूरतगंज बाजार के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से मूरतगंज बाजार में सौ से ज्यादा लोगों को अतिक्रमण खाली करने की नोटिस जारी की गई। नोटिस मिलने के बाद से बाजार के लोगों में खलबली है।
मूरतगंज बाजार में अभी तक टू लेन सड़क बनाई गई है। यह सड़क सात मीटर चौड़ी है। अब सड़क को फोरलेन किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने पिछले दिनों बाजार के कारोबारियों को तीन सितंबर तक का नोटिस दिया है। नोटिस में सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जाना बताया गया है। अगर सड़क का दायरा 18 मीटर हुआ तो बाजार के दोनों की तरफ की दुकानों का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों में खलबली है। कारोबारी प्रदीप चंद्र, अबरार अहमद, मनोज कुमार, कोमल केसरवानी, लल्लन आदि का कहना है कि बाजार में लोग काफी दिनों से घर और दुकानें बनाकर कारोबार करते हैं। एकाएक सड़क का दायरा सात मीटर से 18 मीटर किए जाने से बाजार ही नष्ट हो जाएगी। तमाम लोगों के सामने सिर छिपाने का भी संकट खड़ा हो जाएगा। मूरतगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष रविकांत केसरवानी का कहना है टू लेन सड़क सात मीटर चौड़ी है। फोरलेन में सड़क 14 मीटर बनाई जानी चाहिए। इसके बाद भी सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है।