मंझनपुर। नगर पंचायत मंझनपुर के अध्यक्ष ने 72 घंटा बीतने के बाद भी न तो इस्तीफा दिया और न ही शहर छोड़कर गए। छह अगस्त को उन्होंने ईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए डीएम को पत्र भेजा था। 72 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर अल्पसंख्यक सभासदों संग इस्तीफा देने और नगर छोड़कर चले जाने की चेतावनी दी थी।
मंझनपुर चेयरमैन महताब आलम और ईओ अंकिता पटेल के बीच काफी दिनों से मनमुटाव चल रहा है। छह अगस्त को कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अपशब्द कहने और चप्पल तानने का आरोप लगाया था। उसी रोज अध्यक्ष ने डीएम को पत्र भेजा था। इसमें अल्टीमेटम दिया था कि 72 घंटे के भीतर अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह अल्पसंख्यक सभासदों संग पद से त्यागपत्र दे देंगे और मंझनपुर छोड़कर चले जाएंगे।
72 घंटे से अधिक का वक्त बीतने के बाद भी ईओ के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके बाद भी अध्यक्ष ने न तो मंझनपुर छोड़ा और न ही इस्तीफा दिया। उनका कहना है कि जिलाधिकारी ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। जल्द ही वह अगला कदम तय करेंगे।
अध्यक्ष सहित 31 के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर पंचायत मंझनपुर के अध्यक्ष महताब आलम, सभासद शकील अहमद सहित 16 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ ईओ ने छेड़खानी का केस दर्ज कराया है। अधिकारी का आरोप है कि छह अगस्त को आरोपियों ने उसके दफ्तर में घुसकर अभद्रता की थी। रिपोर्ट लिखने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।