मंझनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने रविवार को कलक्ट्रेट में जिले के कारोबारियों के साथ बैठक में उनकी समस्याएं सुनीं। कारोबारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना से जुड़ी पत्रावलियां वित्त पोषण बैंकों में लंबित है। इस पर डीएम बिफर गए। 10 अगस्त तक निस्तारण का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कारोबारियों की समस्या और सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। जीएम डीआईसी, एलडीएम, एक्सईएन विद्युत को प्राथमिकता पर व्यापारियों की समस्या का निस्तारण करने का निर्देश दिया। बताया कि शासन की मंशा है कि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वरोजगारी बने। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर सीडीओ इंद्रसेन सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश अग्रहरि, प्रवेश केसरवानी, राजू वर्मा सहित तमाम कारोबारी मौजूद रहे।