मंझनपुर। सरायअकिल कोतवाली पुलिस ने 15 हजार के इनामी लुटेरे छोटू पाल उर्फ ओमशंकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को तमंचा व कारतूस भी मिला है। छोटू ने सरायअकिल इलाके के एक रिटायर्ड दरोगा के घर से लाइसेंसी बंदूक भी चोरी की थी। पुलिस ने बंदूक को भी बरामद कर लिया है।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने शनिवार को बताया कि इंस्पेक्टर सरायअकिल प्रदीप कुमार राय शुक्रवार को हमराहियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पिपरी कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर कटहुला गांव का छोटू पाल उर्फ ओम शंकर पकड़ लिया गया। छोटू इन दिनों हजारी के पुरवा गांव में रहता था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छोटू को गिरफ्तार किया। छोटू के पास से एक तमंचा व कारतूस मिला है। एसपी ने बताया कि छोटू ने सरायअकिल कोतवाली इलाके के जुगराजपुर में रहने वाले एक रिटायर्ड दरोगा के घर से लाइसेंसी बंदूक चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर बंदूक बरामद कर ली गई है। छोटू के खिलाफ सरायअकिल, पिपरी और करारी कोतवाली इलाके में लूट के मामले दर्ज हैं। पिपरी कोतवाली में दर्ज लूट के मामले में 15 हजार का इनाम घोषित किया गया था।