बस डिपो परिसर में खड़ी रोडवेज बस। संवाद
जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। मई के अंतिम महीने तक परिवहन विभाग को दो एसी, तीन इलेक्ट्रिक समेत कुल 15 नई बसें मिलने की संभावना है। नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का लाभ मिलेगा।
मुख्यालय मंझनपुर से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करीब 200 किलोमीटर की दूरी तक किया जाएगा। इसके लिए बस डिपो परिसर में चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा, जिससे बसों का संचालन बिना किसी बाधा के हो सके। इलेक्ट्रिक बसों के आने से प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
वर्तमान समय में जिले में दो एसी बस समेत कुल 27 बसों का संचालन पहले से किया जा रहा है। हालांकि एसी बसों के लिए चालक की नियुक्ति न होने की वजह से उनके नियमित संचालन का समय अभी निर्धारित नहीं हो सका है।
विभाग का कहना है कि चालक की तैनाती के बाद एसी बसों का संचालन पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। नई बसों के आने से प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी।
मई तक दो एसी, तीन इलेक्ट्रिक समेत 15 नई बसें मिलने की संभावना है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे जिले की परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। -गंगा शंकर शर्मा, डिपो इंचार्ज