पुलिस चौकी खाली करने को 24 घंटे का अल्टीमेटम
रेलवे ने दिया पुलिस विभाग को नोटिस
सिराथू। पुलिस चौकी सिराथू को 24 घंटे में खाली कर देने का फरमान रेलवे प्रशासन ने जारी कर दिया है। इस भूमि पर बन रही अतिरिक्त रेलवे लाइन के लिए अधिग्रहीत कर मुआवजा विभाग को दे दिया गया है।
दिल्ली-हवाड़ा मार्ग पर रेल मंत्रालय अतिरिक्त ट्रैक का निर्माण करवा रहा है। कई साल से निर्माण कार्य जारी है। नए ट्रैक निर्माण की परिधि में सीओ आफिस, एसडीएम आफिस एवं आवास के साथ सिराथू चौकी आ चुकी है। रेल प्रशासन से अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा भी तकरीबन तीन साल पूर्व राजस्व एवं पुलिस विभाग को मिल चुका है। इस पर सीओ और एसडीएम ने अपने कार्यालय खाली कर दिए। एसडीएम अपना आवास छोड़ जिला पंचायत के डाक बंगले में डेरा जमा लिए हैं। सीओ सिराथू अब भी अपने पुराने आवास में रह रहे हैं। सिराथू चौकी अब भी पूरी तरह से आबाद है। इस पर रेलवे की ओर से पुलिस चौकी को एक दिसंबर तक खाली करने का नोटिस थमाया गया है। चौकी प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह का कहना है कि नोटिस मिली है। देखते हैं कि क्या किया जाए। खाली तो करना ही पड़ेगा। इस बारे मे एसपी का कहना है कि उन्हें अभी तक इस तरह की कोई सूचना नहीं है।