पशु पालक को गांजा लगाकर जेल भेजने से गुस्साए ननमई गांव के ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। आक्रोशित गांव वालों ने एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि मांग पूरी नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन किया जाएगा।
ननमई गांव की पाकीजा बेगम ने बताया कि उसका पति अच्छे पशु पालक है और दूध बेचकर परिवार का खर्च चलाता है।
पीड़िता के मुताबिक 22 सितंबर को कोखराज पुलिस उसके पति को घर से बिना किसी जुर्म के पकड़ ले गई। दूसरे दिन दो किलो गांजा लगाकर जेल भेज दिया। पुलिस की इस मनमानी की जानकारी होते ही ग्रामीण बिफर पड़े । गुरुवार को अपना दल के मंडल अध्यक्ष विनोद कसेरा की अगुवाई में गांव वालों ने एसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। पुलिस पर फर्जी कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। चेताया कि कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। एसपी प्रदीप गुप्ता ने गांव वालों को जांच कराकर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। इस मौके पर मो. चमन, कनीजा, राहुल कुमार, रुकैया फात्मा, तबस्युम आदि मौजूद रहे।