मंझनपुर। चर्चित जीतेलाल हत्याकांड में पश्चिमशरीरा कोतवाली पुलिस तीन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। इसकी वजह से उनका हौसला बढ़ा हुआ है। वह पीड़ित परिवार के सदस्यों पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। उन्हें जान से मारने की धमकी भी देते हैं। पीड़िताें ने मंगलवार को सिराथू तहसील में प्रदर्शन करके डीएम-एसपी को मामले से अवगत कराया।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के सदुल्लापुर गांव की संवारी देवी ने बताया कि 14 जुलाई 2017 को पड़ोसी कल्लू, ओमप्रकाश, श्यामलाल, सूरजपाल, वीरेन्द्र कुमार, ज्ञानचंद्र व मोतीलाल आदि ने लाठी-डंडे से पीटकर उसके पति जीतेलाल की हत्या कर दी थी। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज है। पीड़िता के मुताबिक पुलिस मोतीलाल, श्यामलाल और वीरेंद्र को गिरफ्तार नहीं कर रही है। जिससे उनका हौसला बढ़ा हुआ है। वह तरह-तरह से समझौते का दबाव बना रहे हैं। सुलह नहीं करने पर पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मार डालने की धमकी देते हैं। पीड़िता महिला का कहना है कि हत्यारोपियों ने उसका जीना दूभर कर दिया है। छोटे-छोटे पांच बच्चे डर से घर से बाहन नहीं निकलते हैं। बताया कि खुलेआम घूम रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई बार स्थानीय पुलिस को शिकायती पत्र दिया। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसपी को कार्रवाई कराने का निर्देश दिया है।