यात्रा निकालकर दिया गंगा को स्वच्छ बनाने का संदेश
होमगार्डों ने ओसा मंडी में आयोजित किया कार्यक्रम
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिले के होमागार्डों द्वारा सोमवार को नमामि गंगे कार्यक्रम का आयोजन मंडी समिति ओसा में किया गया। इससे पहले होमगार्डों ने जागृति यात्रा निकालकर गंगा को साफ सुथरा बनाए रखने का संदेश लोगों को दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक लाल बहादुर ने मां गंगे के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया।
कार्यक्रम में सदर विधायक ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने में ही सबकी भलाई है। जन-जन की यह जिम्मेदारी है कि वह भारत व राज्य सरकार के स्वच्छता अभियान में सहयोग करे। इस बावत गंगा किनारे बसे गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। विधायक चायल संजय गुप्ता ने कहा कि गंगा कोई नदी नहीं बल्कि हम सबकी मां तुल्य हैं और गंगाजल अमृत समान है। इनकी स्वच्छता हम सबकी जिम्मेदारी है। सिराथू विधायक शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल ने भी गंगा की स्वच्छता पर व्याख्यान दिया। इस मौके पर डीआईजी होमगार्ड डीपी श्रीवास्तव, एससी उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पांडेय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन सिंह, वर्तमान जिलाध्यक्ष रमेश पासी, प्रभारी सीडीओ डीके दोहरे, एडीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव, सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
परेड देखने के लिए जुटी भीड़
नमामि गंगे कार्यक्रम में होमगार्डों ने बैंड के साथ परेड की। जिला मुख्यालय से निकली परेड नवीन मंडी तक पहुंची। होमगार्डों असलहों के साथ परेड कर रहे थे। बैंड के साथ होमगार्डों की परेड सराहनीय रही। इस परेड में गैर जनपदों के भी होमगार्ड शामिल हुए थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
नमामि गंगे कार्यक्रम में स्कूलों के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। नंदी वाणी सनराईज पब्ल्कि स्कूल के अलावा अन्य कई स्कूलों के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम किया। देशभक्ति की गीतों पर छात्रों ने नृत्य भी किया। छात्रों के प्रदर्शन की भी लोगों ने खूब सराहना की।