सोशल मीडिया पर भी छाया वारिस
सऊदी अरब में झुलसे गुलाम वारिस की सलामती के लिए लोग कर रहे हैं ईश्वर से प्रार्थना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
सऊदीअरब में हुए अग्निकांड में बुरी तरह से झुलसे गुलाम वारिस की सलामती के लिए अब सोशल मीडिया पर भी लोग प्रार्थनाएं कर रहे हैं। गुलाम वारिस के साथियों ने आईसीयू वार्ड से भेजी गई उसकी फोटो शेयर कर की है। फोटो शेयर होते ही लोगों ने उसके जल्द सुधरने की ईश्वर से प्रार्थना की है। लोगों ने यहां तक अपने कमेंट्स में लिखा है कि वह दिलेर बेटा है, जल्द ही अपने मुल्क वापस आएगा।
सऊदी अरब के दक्षिण प्रांत नजरान में पइंसा के जेहिदपुर निवासी मो. सादिक व उसका साथी गुलाम वारिस काम करते हैं। बुधवार रात जिस भवन में यह लोग रहते थे, वहां आग लग गई थी। खिड़की न होने से आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। किसी तरह जान पर खेलकर मो. सादिक ने एसी उखाड़कर गुलाम वारिस समेत छह लोगों को बाहर निकाला था। गुलाम वारिस आईसीयू वार्ड में भर्ती है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इससे उसके परिजन चिंतित हैं। घर में पत्नी नौशीन बानो, मां सन्नो का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिता व भाई भी सऊदीअरब में मो. सादिक व गांव के अन्य लोगों को फोन लगाकर हालचाल ले रहे हैं। शनिवार से गुलाम वारिस की उसके साथियों ने फेसबुक व व्हाट्सएप पर आईसीयू वार्ड की सऊदीअरब से भेजी गई फोटो शेयर कर उसकी सलामती की प्रार्थनाएं कर रहे हैं। गुलाम वारिस के साथी कामरान ने अपने फेसबुक वाल पर लिखा है कि वह बहादुर है। अल्लाह उसकी मदद करें और जल्द ही उसे ठीक कर अपने मुल्क भेजें। कामरान के कई और साथियों ने भी इसी तरह की पोस्ट की है।