प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे। एसपीजी के साथ सुरक्षा मुख्यालय की टीम भी दो दिन पहले ही कौशाम्बी आ चुकी है। पीएम की हिफाजत के लिए करीब 14 जनपदों की फोर्स लगाई गई है। पीएसी के साथ सीआरपीएफ के जवान भी मुस्तैद रहेंगे।
विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) के जवान दो दिन पहले से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार को हेलीपैड व मंच के आसपास कुछ खास लोगों को ही जाने दिया गया। बाकी को एसपीजी ने रोक दिया। काम करने वाले मजदूरों को भी सघन चेकिंग के बाद ही भीतर प्रवेश दिया गया। पीएम की हिफाजत के लिए सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ से रिंग-राउंड टीम भी आ चुकी है। सुरक्षा का पहला घेरा एसपीजी तो दूसरा रिंग राउंड टीम का होगा। इसके बाद तीसरा घेरा सिविल पुलिस बनाएगी। एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिए करीब 14 जिलों से फोर्स बुलवाई गई है। सभी को ड्यूटी प्वाइंट पर रहने का निर्देश दे दिया गया है। किसी ने मनमानी की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि बुधवार को कार्यक्रम स्थल की ओर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सभा स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर पार्किंग बनाई गई है। सभी वाहन यहीं रोक दिए जाएंगे। हेलीपैड से लेकर मंच तक बैरिकेडिंग कर दी गई है। इसके भीतर किसी को भी नहीं जाने दिया जाएगा।