चायल (ब्यूरो)। स्थानीय पशु अस्पताल में करीब तीन साल से डॉक्टर की तैनाती नहीं की गई है। इससे अस्पताल फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। इससे मवेशियों का उचित इलाज नहीं हो पा रहा है।
चरवा स्थित पशु चिकित्सालय में तीन साल पहले तैनात डॉ राम कुमार का स्थानांतरण हो गया था। इसके बाद से किसी डॉक्टर की तैनाती नहीं की जा सकी है। ऐसे में डॉक्टर विहीन अस्पताल के फार्मासिस्ट विजय कुमार ही जानवरों का इलाज कर रहे हैं। पशु पालक फार्मासिस्ट के इलाज से संतुष्ट नहीं हैं। पशुपालक रामनरेश का कहना है कि अस्पताल में गंभीर रोग से पीड़ित मवेशियों का इलाज नहीं हो पा रहा है। ऐसे में इलाके के तमाम मवेशी वक्त से पहले ही मौत का शिकार हो जा रहे हैं। क्षेत्र के अनिल कुमार, उदय कुमार, रामप्रसाद, अनवार अहमद, नफीस अहमद और कामता प्रसाद आदि पशुपालकों का कहना है कि इलाके में नियमित टीकाकरण भी नहीं हो पा रहा है। सीवीओ डॉ वीपी पांडेय का कहना विभाग में डॉक्टरों की कमी है। इसके लिए पत्राचार किया गया है। फिर भी उपलब्ध संसाधनों से बेहतर सेवा मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है।