पइंसा। स्थानीय पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में पखवाड़े भर से फरार चल रहे दो आरोपियों को सोमवार दोपहर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। दो अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।
फतेहपुर जिले के खखरेरु थाना क्षेत्र के मोहनापुर गांव निवासी गजेन्द्र ने अपनी बेटी अनीता की शादी पइंसा के उदिहिन खुर्द निवासी रामू से दो साल पहले की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई। इसके बाद भी ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा। इसी बीच 20 जनवरी को घर के भीतर ही फंदे पर लटकती हुई अनीता की लाश मिली। उसी रोज अनीता के पिता की तहरीर पर पति रामू, ससुर शिवलाल, देवर दिलीप व सास समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। एफआई आर दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार सुबह पुलिस को खबर मिली कि मृतका के देवर दिलीप व पति रामू गांव के बाहर ही पुलिया के पास खड़े होकर किसी साधन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।