जिले में बृहस्पतिवार को 1306 फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इनमें राजस्वकर्मी और पुलिसकर्मी शामिल हैं। संयुक्त जिला चिकित्सालय और पुलिस लाइन समेत नौ स्थानों पर 12 सत्रों में टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के लिए बुधवार को ही तैयारियां पूरी कर लीं हैं। सभी लाभार्थियों को एसएमएस से टीकाकरण के बारे में सूचना दे दी गई है।
जिले में कोरोना से बचाव के लिए 16, 22, 28, 29 जनवरी, चार और पांच फरवरी तक छह चक्र का टीकाकरण हो चुका है। अब 11, 12 और 18 फरवरी को टीका लगाने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत 11 फरवरी बृहस्पतिवार को 1306 और 12 फरवरी शुक्रवार को 1229 फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा।
जिले में 4612 फ्रंटलाइन वर्कर हैं। कार्ययोजना के मुताबिक बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में दो, पुलिस लाइन में तीन तथा पीएचसी मंझनपुर, चायल, नेवादा, सरसवां, सीएचसी मूरतगंज, सिराथू और कड़ा में एक-एक सत्र आयोजित कर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक टीका लगाया जाएगा।
छूटे 1171 स्वास्थ्यकर्मियों को टीकाकरण के लिए अंतिम मौका 15 फरवरी को
कोरोना से बचाव के लिए अब तक छह बार चले टीकाकरण अभियान में 1171 स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण से छूट गए थे। इन स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण 15 फरवरी को होगा। जिन स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाना है उनके मोबाइल फोन पर मैसेज पहुंचेगा। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने कहा कि जो कर्मचारी छूट गए हैं, वे हर हाल में टीकाकरण करा लें। छूटे स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण का यह आखिरी मौका होगा।
15 को 362 हेल्थ वर्करों को लगेगी वैक्सीन की दूसरी डोज
मंझनपुर। लांचिंग के दिन 16 जनवरी को जिले के 362 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज लगी थी। इन हेल्थ वर्करों को कोरोना का दूसरा टीका15 फरवरी को लगेगा। इसके लिए सभी को मैसेज भेजे जा रहे हैं।