करारी के बरई बंधवा गांव में जल जीवन मिशन (पेयजल परियोजना) के तहत बिछाने के लिए रखी 12 हजार मीटर पाइप में किसी ने आग लगा दी। अगलगी में करीब 15 लाख रुपये कीमत की पाइप जल गई। मामले में कार्यदायी संस्था के साइट इंजीनियर ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
जल जीवन मिशन के तहत कल्पतरु कंपनी बरई बंधवा में पेयजल परियोजना का काम करा रही है। कार्यदायी संस्था की ओर से गांव में बिछाने के लिए 12 हजार मीटर पाइप मंगाई गई थी। गांव के बाहर यह पाइप का बंडल रखा था। सोमवार को अचानक पाइप जलने लगा। पाइप जलने की वजह से ऊंची लपटें उठने लगीं।
विज्ञापन
कार्यदायी संस्था के सहायक एडमिन भंवर सिंह ने बताया कि जहां पर पाइप रखी थी, वहां से कोई बिजली की लाइन नहीं गुजरी है। ऐसे में शाॅर्ट सर्किट से आग लगी है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने शरारत में पाइप में आग लगाई। पाइप में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। जब दमकलकर्मी पहुंचे, तब तक पाइप जल चुकी थी।
पाइप जलने से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान का अनुमान है। उन्होंने बताया कि साइट इंचार्ज दिनेश त्रिपाठी की ओर से तहरीर करारी पुलिस को दी गई है। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्ध हालात में आग लगी है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जाएगी।