बहू को बंधक बनाकर ससुर ने की दरिंदगी
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर महिला को किया जा रहा था प्रताड़ित
आरोपी पर दुष्कर्म,पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने एक विवाहिता की जिंदगी नरक बना दिया। विवाहिता को बंधक बनाकर ससुर दुष्कर्म करता रहा। विवाहिता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने ससुर के खिलाफ दुष्कर्म व पति और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है।
पिपरी कोतवाली इलाके की एक युवती की शादी 18 महीने पहले क्षेत्र के ही एक युवक के साथ हुई थी। विवाहिता का पति प्रयागराज में रहकर मजदूरी करता है। विवाहिता के दो माह की बेटी भी है। विवाहिता का कहना है कि ससुराल वाले उससे मायके वालों से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ससुर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। 20 नवंबर 2018 को विवाहिता घर में अकेली थी। सास खेत में काम करने गई और पति प्रयागराज मजदूरी करने। आरोप है कि इस दौरान ससुर ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म किया। विवाहिता यह बात अपने मायके वालों से न बता दें, इसलिए उसे ससुराल में ही कैद कर दिया गया। सप्ताह भर तक बंधक रहने के बाद किसी तरह विवाहिता ससुरालियों के चंगुल से छूट कर भाग निकली। शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो विवाहिता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। रविवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।