मंझनपुर। प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ को लेकर खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। जिले के मदरसों में पढ़ने वाले बाहरी छात्रों और गैर जिले से आकर यहां कारोबार करने वालों के चरित्र का सत्यापन कराया जा रहा है। एलआईयू ने अब तक करीब 200 लोगों के आधार कार्ड की कॉपी ली है। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध पकड़ में नहीं आया है।
प्रयागराज में 14 जनवरी से महाकुंभ लगेगा। इस दौरान कानून व्यवस्था को किसी तरह का कोई खतरा न हो, इसके लिए खुफिया एजेंसियां अभी से ही चौकन्ना हो गई हैं। एजेंसियों ने जिलेभर के मदरसा संचालकों से बाहरी छात्रों का ब्यौरा मांगा है। इनके आधार कार्ड की कॉपी सत्यापन के लिए मूल जनपद की पुलिस को भेजी जाएगी। सत्यापन में कुछ गड़बड़ मिला तो कार्रवाई होगी। छात्रों के अलावा दूसरे प्रांतों और जिलों से आकर यहां कारोबार करने वालों का भी चरित्र सत्यापन कराया जाएगा। एजेंसियों ने किराए पर कमरा देने वाले मकान मालिकों को भी किरायेदार का आधार कार्ड स्थानीय कोतवाली में जमा करने का निर्देश दिया है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं। अभी कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला है। किसी की गतिविधि संदिग्ध लगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।