मंझनपुर (ब्यूरो)। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र सदुल्लापुर गांव की संवारी देवी ने बताया कि पड़ोस के दबंगों से उसके परिवार की रंजिश है। इसी के चलते आए दिन वह अपशब्द कहते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़िता के मुताबिक 14 जुलाई को दबंगों ने उसे व उसके पति को पीटा था। एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद में पति की मौत हो गई थी।
इस मामले में सिर्फ तीन आरोपियों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों का नाम निकाल दिया गया है। इसकी वजह से आरोपियों का हौसला बढ़ा हुआ है। वे अब समझौते का दबाव बना रहे हैं। नहीं मानने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे परिवार के सदस्य सहमे हुए हैं। परिवार के सदस्यों ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। परेशान परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया और डीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एसपी को कार्रवाई कराने का निर्देश दिया है।