मंझनपुर। घर में घुसकर एक विवाहिता से दुराचार किए जाने के मामले में सोमवार को करीब डेढ़ महीने बाद सैनी पुलिस ने केस दर्ज किया। अदालत के निर्देश पर रिपोर्ट लिखने के बाद आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि 14 जुलाई 2018 को वह घर पर अकेली थी। इस दौरान पड़ोसी युवक दीवार फांदकर घर में घुस आया। कनपटी पर तमंचा सटाकर उसने दरिंदगी की। इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता के मुताबिक उसी दिन पुलिस को घटना से अवगत कराया गया, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित महिला ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। सोमवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में सैनी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे जेल भेजा जाएगा।