करारी, मंझनपुर के बाशिंदों को मिलेगा शुद्ध पेयजल
दोनों नगर पंचायतों में आरओ प्लांट का विधायक सदर ने किया भूमिपूजन
करारी के तीन वार्डों में पेयजल आपूर्ति के लिए लगेंगे एक-एक मोटर पंप
मंझनपुर/करारी (ब्यूरो)। जिले के दो कस्बों के बाशिंदों को शुद्ध पेयजल के लिए भटकना पड़ेगा। नगर पंचायत की ओर से उन्हें सस्ते दर पर आरओ पानी मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को सदर विधायक लाल बहादुर ने मंझनपुर और करारी कस्बे में आरओ प्लांट का भूमि पूजन किया। इसे लेकर कस्बाइयों में खुशी का माहौल है।
नगर पंचायत करारी में पेयजल की समस्या को देखते हुए एक साथ तीन पंप व एक आरओ प्लांट लगने जा रहा है। आरओ प्लांट की स्थापना कस्बे के किंगनगर स्थित पानी की टंकी के नीचे की जाएगी। शुक्रवार को सदर विधायक लाल बहादुर ने दस लाख की लागत से बनने वाले आरओ प्लांट के लिए भूमि पूजन किया। बताया जा रहा है कि प्लंाट चालू होने पर कस्बायों को सस्ते दाम में आरओ पानी मुहैया कराया जाएगा। इसके अलावा नयागंज, इंदिरा नगर व अशोक नगर में मोटर पंप स्थापित करने के लिए विधायक ने भूमि पूजन किया। ईओ लालजी यादव ने बताया कि तीन वार्डों में मोटर पंप की स्थापना 14वें वित्त की धनराशि से की जाएगी। कस्बे में पेयजल व्यवस्था के तहत एक साथ चार परियोजनायें लागू होने से कस्बाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। भूमि पूजन पं. आचार्य अन्नू महराज ने कराया। इस मौके पर नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक कमलेश नारायण मिश्र सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे। इसी तरह मंझनपुर स्थित टाउन एरिया परिसर में भी विधायक ने आरओ प्लांट का भूमि पूजन किया। इस मौके पर नगर पंचायत कर्मियों के साथ ही तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।