बारा। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के भीखा गरग का पूरा गांव में रविवार दोपहर रास्ते के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान मारपीट में करीब दस लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि भीखा गरग का पूरा निवासी किशन कुमार का पड़ोसी श्रीचंद्र से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर इनके बीच आए दिन कहासुनी होती रहती है। रविवार दोपहर भी बहस होने लगी। तभी दोनों पक्ष के लोग लाठी-डंडे से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इससे किशन कुमार, गबुल, बबुल, बच्चा व काशी आदि घायल हो गए। वहीं, दूसरी तरफ से श्रीचंद्र, भैरव प्रसाद, मान सिंह, नरवर और रंजू आदि घायल हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। मामले में कौशाम्बी इंस्पेक्टर उमाशंकर यादव का कहना है कि घायलों के खिलाफ ही केस दर्ज है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।