मंझनपुर। सरायअकिल पुलिस ने चर्चित आनंद मोहन मिश्र उर्फ शिवम हत्याकांड का सोमवार को खुलासा कर दिया। दोस्तों ने बारात में डांस के दौरान हुए विवाद के बाद अपहरण कर उसकी हत्या की थी। घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिगों को सुधार गृह और बालिग आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के बरई गांव निवासी आनंद मोहन मिश्र उर्फ शिवम (16) पुत्र कृष्णकांत का 15 मई को घर के पास से ही बाइक सवारों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद 17 मई की सुबह उसके नलकूप के पास ही उसकी लाश मिली थी। मामले मेें मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने वारदात की जांच शुरू कर दी। सोमवार सुबह कूरा पेट्रोल पंप के समीप से पुलिस ने निक्कू उर्फ रविशंकर पांडेय पुत्र विद्यासागर, अजय उर्फ रजनीश पुत्र लक्ष्मीकांत, छोटू उर्फ मोहित पुत्र विनय पांडेय, प्रेम सागर उर्फ छोटू पुत्र विद्यासागर व सुमित त्रिपाठी पुत्र रामबहादुर निवासी बरई को गिरफ्तार कर लिया। अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का आनंद मोहन से 11 मई को गांव में ही एक बारात के दौरान डांस करने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में 15 मई को ये लोग पकड़कर उसे उसके नलकूप के पास ले गए। वहां उसी की बेल्ट से गला घोटकर हत्या कर दी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है।