विकास योजनाओं की समीक्षा के लिए आज आएंगे नोडल अफसर
दो दिवसीय कार्यक्रम में विकास कार्यों का करेंगे स्थलीय सत्यापन
बीएसए, सीएमओ कार्यालय व करारी थाने का करेंगे औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। जिले के नोडल अधिकारी रमारमण विकास कार्यों की हकीकत खंगालने मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वह एजेंडा बुकलेट की समीक्षा के साथ बीएसए, सीएमओ कार्यालय, करारी थाने समेत कई परियोजनाओं का औचक निरीक्षण भी करेंगे। उनके आगमन को लेकर जिले के जिम्मेदार तैयारियों में जुट गए हैं।
आयुक्त एवं निदेशक हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग कानपुर नगर रमारमण को शासन ने जिले का नोडल अधिकारी नामित कर रखा है। मंगलवार को वह जिले में आकर दो दिन तक विकास कार्यों की समीक्षा व विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय सत्यापन करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक उनके द्वारा 11 से एक बजे तक एजेंडा बुकलेट पर समीक्षा बैठक की जाएगी। इसके बाद दो बजे बीएसए कार्यालय, तीन बजे सीएमओ कार्यालय व चार बजे करारी थाने का निरीक्षण किया जाएगा। दूसरे दिन बुधवार को वह सीएचसी सिराथू, तहसील सिराथू व कोतवाली सैनी का निरीक्षण करेंगे। दोपहर बाद वह विकास खंड सिराथू के कशिया गांव में कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन करने के साथ ही चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्यायें सुनेंगे। चार बजे से पांच बजे तक वह शमसाबाद पेयजल परियोजना का निरीक्षण करेंगे। उनके आगमन को लेकर डीएम सहित विकास भवन के सभी अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है। जिम्मेदारों ने स्थलीय सत्यापन वाले स्थलों की सफाई व्यवस्था को चाकचौबंद करते हुए कागजी कोरम भी पूरा कर लिया है।
बालू की कीमतों में नियंत्रण के लिए बैठक आज
चार हजार रुपए सैकड़ा से अधिक कीमत लेने पर होगी कार्रवाई
मंझनपुर (ब्यूरो)। यमुना बालू के पट्टेधारक अब घाट पर मनमानी कीमत नहीं वसूल सकेंगे। उन पर शिकंजा कसने के लिए खनन निरीक्षण ने मंगलवार को बैठक बुलाई है। बैठक में तय किया जाएगा कि कोई भी पट्टेधारक सौ फिट बालू की कीमत चार हजार रुपए से अधिक नहीं वसूलेगा। यह फरमान खनन निरीक्षक ने सोमवार को सभी पट्टाधारकों को जारी कर दिया है।
जिले में बालू की किल्लत को देखते हुए शासन के निर्देश पर छह माह के लिए आठ बालू घाटों के पट्टे दिए गए हैं। इन बालू घाटों के पट्टाधारक मांग को देखते हुए मनमानी वसूली खरीदारों से कर रहे हैं। इससे निजी निर्माण के अलावा सरकारी कार्यों को पूरा कराने में बाधा आ रही है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनन निरीक्षक राज रंजन ने मंगलवार को सभी बालू पट्टाधारकों की बैठक बुलाई है। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बैठक में पट्टाधारकों द्वारा बेची जा रही बालू की कीमत निर्धारित की जाएगी। सौ फिट बालू के लिए कोई भी पट्टेधारक चार हजार रुपये से अधिक नहीं ले सकेगा। खनन निरीक्षक द्वारा रेट निर्धारित करने के लिए बैठक बुलाने से पट्टाधारकों में खलबली है। बहरहाल कुछ भी हो बैठक के बाद बालू की कीमत नियंत्रित होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।