मंझनपुर। गुजरे 24 घंटे के भीतर जिले के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले दस लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। वहीं 11 मरीज ठीक भी हुए हैं। इस तरह से अब तक मिले 1577 संक्रमितों में 1396 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। फिलहाल 159 मरीजों का इलाज चल रहा है।
संक्रमण की रोकथाम के लिए शनिवार को भी जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही कंटेनमेंट जोन में शिविर लगाकर 1594 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई। इनमें से 1091 का एंटीजेन टेस्ट हुआ। जबकि 503 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयागराज स्थित लैब भेजा गया। सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में 10 लोग पॉजिटिव निकले हैं। इनमें मूरतगंज व मंझनपुर क्षेत्र के तीन-तीन, चायल के दो, सरसवां और कड़ा इलाके के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिंहित करने में जुट गई हैं। सर्विलांश अधिकारी ने बताया कि 24 घंटे के भीतर 11 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके चलते जिले का रिकवरी रेट अभी भी 88 फीसदी के आसपास बना हुआ है।
कोविड ड्यूटी से गायब चार कर्मचारियों का डीएम ने रोका वेतन
मंझनपुर। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार को पीएचसी मंझनपुर में संचालित कोविड एल-1 अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। निरीक्षण में ज्ञानप्रकाश, विजयशंकर सिंह, ओमनारायण मिश्र और एएनएम पूजा कुमारी समेत चार कर्मचारी कोविड ड्यूटी से गायब मिले। कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम ने गैरहाजिर कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश सीएमओ को दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड पीड़ितों को खाना-पानी, दवा समेत आवश्यक सुविधाएं हर हाल में मिलनी चाहिए। अस्पताल की नियमित साफ-सफाई एवें सैनिटाइजेशन कराते रहने का भी निर्देश दिया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेेदी व पीएचसी प्रभारी डॉ. अरुण पटेल मौजूद रहे।
संक्रमित मिलने के बाद अस्थाई जेल का हुआ सैनिटाइजेशन
मंझनपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बनाए गए अस्थाई कारागार में शुक्रवार को एक साथ 23 बंदियों के संक्रमित मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को डीएम अमित कुुमार सिंह ने अस्थाई कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के निर्देश पर पूरे परिसर को नगरपालिका परिषद मंझनपुर की तरफ से सैनिटाइज कराया गया। जिलाधिकारी ने अस्थाई कारागार का एरिया बढ़ाने के साथ ही बंदियों की सख्त निगरानी करने का निर्देश जेल अधीक्षक बीएस मुकुंद को दिया। ताकि, बंदियों में संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। उन्होंने सभी का नियमित एंटीजेन किट के साथ ही आरटीपीसीआर जांच कराने का भी निर्देश दिया।
10 new corona cases in district, 11 recovered- फोटो : KAUSHAMBI