सऊदी अरब भेजने के नाम पर 1.50 लाख ठगे
नगर कोतवाली क्षेत्र के बंबुरा गांव का युवक हुआ जालसाजी का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के बंबुरा गांव में रहने वाले एक युवक से सऊदी अरब भेजने के नाम पर जालसाज ने करीब डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। बाद में रकम मांगने पर उसे जानलेवा धमकी भी दी। पीड़ित ने शनिवार को एसपी से शिकायत की है।
बंबुरा निवासी साकिब हसन पुत्र साबिर ने बताया कि वह इलेक्ट्रीशियन है। काम की तलाश में इधर-उधर भटक रहा था। करीब चार महीने पहले करारी इलाके के बंधुरी गांव में रहने वाले एक व्यक्ति से मुलाकात हुई। पीड़ित की मानें तो जालसाज ने सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 1.50 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिनों तक वह टरकाता रहा। इसके बाद रकम मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने धोखाधड़ी की शिकायत स्थानीय पुलिस से की। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।