फोटो 38 पटियाली मृतक रिंकू का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
पटियाली। दिल्ली से मोटरसाइकिल से अपने घर पटियाली लौट रहे एक युवक की बुधवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया ।
कस्बे के मोहल्ला कटरा राजा साहब निवासी रिंकू (23) पुत्र पप्पू दिल्ली में एक निजी संस्थान में नौकरी करता था। मंगलवार को वह अपने दोस्त गुड्डू निवासी ग्राम नवादा के साथ बाइक से दिल्ली से अपने घर पटियाली आ रहा था। जैसे ही उनकी बाइक एटा-सिढ़पुरा मार्ग स्थित ग्राम कठोली के पास पहुंची, सामने से आ रहे मिट्टी से भरे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजन को सूचित किया। रिंकू की हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली ले गए जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।