सिढ़पुरा। थाना क्षेत्र के गांव दामरी में शनिवार देर रात छत से नीचे गिरने के कारण 32 वर्षीय युवक रिंकू की मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिंकू शनिवार रात घर की छत पर सोने गया था। रात के अंधेरे में नींद के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे छत से नीचे खड़ंजा पर सिर के बल जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सुबह जब उसके पिता राजवीर ने उसे मृत अवस्था में देखा, तो उनके होश उड़ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता के अनुसार, वह सुबह जब सोकर उठे तब घटना की जानकारी हो सकी। सीओ पटियाली अमित कुमार ने बताया कि परिजन के अनुसार नींद में पैर फिसलने से यह दुर्घटना हुई है।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक रिंकू दो भाइयों में बड़ा था। उसके दो बेटे लव और हर्ष हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से रिंकू की पत्नी संगीता और मां गुड्डो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सपा नेता लक्ष्मणसिंह यादव सहित तमाम ग्रामीणों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।