उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में युवक ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घरवालों ने देखा तो चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन से बात करके जानकारी ली।
विज्ञापन
घटना पटियाली थाना क्षेत्र के कटरा मिश्री खां मोहल्ला की है। यहां के निवासी लियाक़त खां का बेटा शाक़िर खान (25) शराब पीने और जुआं खेलने का आदी थी। वह अपने पिता से कई दिनों से जमीन बेचने की जिद कर रहा था। इस पर पिता ने कहा कि तुम्हारी शादी के बाद जमीन बेच देंगे। इस पर वह आक्रोशित हो उठा। रविवार की रात करीब नौ बजे परिवार के लोग घर की छत पर थे। इसी समय उसने नीचे कमरे में तमंचा से सीने में गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग भागकर नीचे पहुंचे। खून से लथपथ बेटे को देखकर उनकी चीख निकल गई। आनन-फानन उसे लेकर स्वास्थ केंद्र पहुंचे। यहां फार्मासिस्ट ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिवार में चीत्कार मच गई। सूचना पर कोतवाल अमरेश पाल सिंह ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। तमंचा को कब्जे में करके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।