कासगंज के सोरोंजी क्षेत्र में शनिवार सुबह कछला मार्ग पर होडलपुर गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार दिनेश (38) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने फूफा के अंतिम संस्कार में शामिल होने कछला जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद एटा के थाना मारहरा अंतर्गत गांव बीच की नगरिया निवासी दिनेश पुत्र खिमाई शनिवार को बाइक पर सवार होकर कछला जा रहा था। सोरोंजी क्षेत्र में होडलपुर गांव के समीप एक वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बहनोई सत्यभान (निवासी नगला भीम, कासगंज) ने बताया कि दिनेश अपने फूफा गंगाप्रसाद (निवासी धंतोरिया) के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। सदर सीओ आंचल चौहान ने पुष्टि की कि वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।