फोटो01नगला सैयद अहरौली में लीकेज पाइप लाइन को ठीक करने पहुंचे कर्मी ।संवाद
कासगंज। सदर विकास खंड के गांव नगला सैयद अहरौली में पेयजल पाइप लाइन से हो रही पानी की बर्बादी और सड़क पर जलभराव की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और पाइप लाइन की मरम्मत कराई।
गांव में जल जीवन मिशन के तहत करीब तीन साल पहले पेयजल पाइप लाइन बिछाई गई थी। नगला सैयद निवासी अब्दुल बहाव के मकान के पास पाइप लाइन कई दिनों से क्षतिग्रस्त थी। इससे लगातार स्वच्छ पेयजल बहकर बर्बाद हो रहा था। वहीं, सड़क पर पानी भरने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अमर उजाला ने सोमवार के अंक में सड़क पर बह रहा पानी रोक रहा गांव वालों की राह शीर्षक के साथ इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद जल निगम हरकत में आया। ठेकेदार ने कर्मियों को मौके पर भेजकर पाइप लाइन की मरम्मत कराई। समस्या का समाधान होने पर ग्रामीण दीपचंद्र, आमना बेगम, हनीफ खां, राजेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने अमर उजाला का आभार जताया।
- नगला सैयद अहरौली में पाइप लाइन में लीकेज की शिकायत मिली थी। समस्या को दूर कराने के लिए कर्मियों को भेजा गया है, ताकि लोगों को परेशानी न हो।- अंकित यादव, अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण