फोटो25ढोलना के गांव नगला चौखंडा में मृतक के घर में लगा पंखा। संवाद
कासगंज। ढोलना के नगला चौखंडा गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला की फंदा लगाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रभा देवी (30) पत्नी अमित कश्यप के रूप में हुई है। इस घटना के बाद आक्रोशित मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर डंडों से हमला कर दिया।
प्रभा देवी का शव कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे से लटका मिला। सास की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर महिला को फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्रभा देवी को वहां मृत घोषित कर दिया।
महिला की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर ढोलना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पिता राजकुमार और चाचा राजपाल निवासी गांव नगला गोकुल थाना एका जनपद फिरोजाबाद अन्य परिजन व रिश्तेदारों के साथ गांव पहुंचे।
सदर सीओ आंचल चौहान ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने परिजन और पुलिसकर्मियों से घटना के संबंध में पूछताछ की। सीओ चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मायके पक्ष का हंगामा
गांव पहुंचने के बाद मायके पक्ष के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। उन्होंने प्रभा देवी के ससुरालीजन पर डंडों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बीच-बचाव किया। इस विवाद में बीच-बचाव करते समय ग्रामीण प्रेम पुत्र मुन्नालाल घायल हो गए। उनके सिर में चोटें आई हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला शांत कराया।