सोरोंजी। कासगंज-सलेमपुर बीवी मार्ग पर बीते माह भारत गैस एजेंसी गोयती के पास सड़क हादसे में घायल बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि चचेरे भाई का उपचार चल रहा है। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव करूआवारा निवासी सत्येंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते माह 12 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे उनकी पत्नी गीता देवी अपने चचेरे भाई सनोज के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। गोयती गांव के पास फोन आने पर सनोज ने बाइक को कच्ची पटरी पर खड़ा कर दिया था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक के चालक जहान सिंह ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल गीता देवी और सनोज को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं, उसके चचेरे भाई का उपचार अभी चल रहा है। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत के मामले में उसके पति ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।