कासगंज। सोरोंजी के कटरा मोहल्ला भीम चौक की रहने वाले महिला की मंगलवार को अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। 6 नवंबर को जिला अस्पताल में प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया था। वहां कई दिनों से उसका उपचार चल रहा था। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
कटरा मोहल्ला भीमचौक निवासी राधा (32) पत्नी यशपाल को प्रसव के लिए 6 नवंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पति यशपाल ने बताया कि डिलीवरी होने के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ भेज दिया था।
मंगलवार 10 नवंबर को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद ससुरालीजन शव लेकर सोरों स्थित अपने घर पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राधा का सही तरीके से उपचार नहीं कराया गया जिससे उसकी मौत हो गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।
-
वर्जन :
- मायके पक्ष की शिकायत पर शव का पोस्टमार्टम कराया है। महिला की मौत के मामले में परिजन व मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है। -आंचल चौहान, सदर सीओ कासगंज