कासगंज। साेरोंजी क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) जल्द ही मुसावली और सिरावली गांवों में नई सड़कों का निर्माण कराएगा। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन मार्गों के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की परेशानी से निजात मिल जाएगी।
मुसावली से गांव गंगागढ़ और सिरावली में कालीचरन से रामौतार के घर तक जाने वाली सड़कें लंबे समय से जर्जर थीं। ग्रामीणों मनोज कुमार और दीपक कुमार ने बताया कि खराब रास्तों और बरसात के दिनों में कीचड़-जलभराव के कारण विद्यार्थियों, किसानों व राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
नई सड़कें बनने से किसानों को अपनी फसल मंडियों तक ले जाने में आसानी होगी और छात्र-छात्राओं का सफर सुरक्षित बनेगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई प्रवीन कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के मानकों के तहत जल्द पूरा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।