फोटो 44- मोहनपुरा हाइवे के पास प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत : संवाद
मोहनपुरा। हाईवे निर्माण के कारण जल निकासी का रास्ता बंद होने से परेशान टीकमपुरा गांव के ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फिर फूट पड़ा। मोहनपुरा बाईपास पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लगी मशीनों को रोककर प्रदर्शन किया जिससे हाईवे का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव से पानी की निकासी की कोई उचित व्यवस्था न होने से गंभीर समस्या बनी हुई है। पूर्व में भी प्रदर्शन करने पर उच्चाधिकारियों ने समाधान का आश्वासन दिया था लेकिन स्थिति जस की तस रहने के कारण उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नाली का निर्माण कराकर जल निकासी का स्थाई समाधान कराने की मांग की। इस प्रदर्शन में प्रवीण पुंढीर, अजब सिंह, मानपाल, पप्पू, रामजीलाल, भगवान दास, शीशपाल, राजा कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।
इस संबंध में सदर तहसीलदार लवंत उपाध्याय का कहना है कि टीकमपुरा में हाईवे के पास नाली निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर ग्रामीणों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही इस समस्या का उचित समाधान निकाल लिया जाएगा।