कासगंज। जनपद में पशुओं में फैलने वाले खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग के नियंत्रण और रोकथाम के लिए बृहस्पतिवार को टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक विमल कुमार और प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महेंद्र वर्मा ने टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीकाकरण अभियान 10 मार्च तक चलाया जाएगा।
प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महेंद्र वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद में 5,72,924 गाय और भैंस आदि पशुओं का टीकाकरण होगा। इसका उद्देश्य पशुओं को संक्रामक रोगाें से बचाना है। साथ ही पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान में कमी लाना है।उन्होंने बताया कि टीकाकरण कार्य के लिए विभाग की ओर से पशु चिकित्सकों और प्रशिक्षित कर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।सबसे पहले गोशालाओं में पशुओं का टीकाकरण हुआ।
मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए समय से पशुओं का टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
परियोजना निदेशक विमल कुमार ने बताया कि यह अभियान पशुधन स्वास्थ्य की के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।