फोटो21कलेक्ट्रेट पर आयोजित दिशा की बैठक में मौजूद सांसद देवेश शाक्य,जिला पंचायत अध्यक्ष रत्ने
कासगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद देवेश शाक्य की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सांसद ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित करीब 40 योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
सांसद ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता को भटकना न पड़े। आयुष्मान भारत और बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उन्होंने समय पर निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जनपद में सामुदायिक शौचालयों की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मिड-डे मील और छात्रवृत्ति योजनाओं सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा।
बैठक में सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, पटियाली विधायक नादिरा सुल्तान, जिला पंचायत अध्यक्षा रत्नेश कश्यप, सीडीओ वीरेंद्र सिंह और एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।